बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर उतारने और तस्करों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए पहाड़पुर पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। हालांकि, पुलिस टीम के आने की भनक लगते ही मुख्य शराब धंधेबाज मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार जाल बिछा रही है l
थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग नामी ब्रांडों की कुल 24.120 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है । पुलिस द्वारा तैयार की गई जब्ती सूची के अनुसार, बरामद खेप में ऑफिसर चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की की 180 एमएल वाली 46 पीस बोतलें शामिल हैं, जो कुल 8.280 लीटर है । इसके साथ ही भारी मात्रा में 8PM स्पेशल ब्लेंड व्हिस्की भी जब्त की गई है, जिसमें 180 एमएल की 48 पीस बोतलें (8.640 लीटर) और 15 पीस अन्य बोतलें (2.700 लीटर) शामिल हैं, यानी इस ब्रांड की कुल 63 बोतलें बरामद हुई हैं । इसके अलावा पुलिस ने रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 750 एमएल वाली 6 बड़ी बोतलें भी बरामद की हैं, जिनकी कुल मात्रा 4.500 लीटर मापी गई है ।
पुलिस की इस दबिश के बाद मौके से फरार हुए आरोपी की पहचान पहाड़पुर थाना क्षेत्र के पकड़िया डीह गांव निवासी देवेंद्र कुमार महतो, पिता स्वर्गीय रामनाथ महतो के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रतिबंधित शराब को पूरी तरह जब्त कर लिया गया है और फरार धंधेबाज के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और फरार आरोपी देवेंद्र कुमार महतो को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, जिसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा l










