मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा से सटे बिहार के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। नेपाल में एक के बाद एक सामने आई दो संवेदनशील घटनाओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। नेपाल के डोल्पा जिला कारागार से आठ कैदियों के सुरंग खोदकर फरार होने और बिहार के अररिया जिले से सटी जोगबनी सीमा के पास विराटनगर में संदिग्ध बम विस्फोट की घटना के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। खासकर पूर्वी चंपारण के रक्सौल समेत भारत-नेपाल सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुरंग खोदकर फरार हुए आठ कैदी
जानकारी के अनुसार, नेपाल के डोल्पा जिले के मुख्यालय दुनै स्थित जिला कारागार से आठ कैदी बैरक के फर्श के नीचे सुरंग खोदकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कैदियों ने करीब 4 मीटर 63 सेंटीमीटर लंबी सुरंग बनाकर जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दिया और फरार होने में सफल रहे।

फरार कैदियों में पांच ऐसे कैदी शामिल हैं, जिन्हें दुष्कर्म के मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। इनमें राम बीके, काली प्रसाद रोकाया, हरि बहादुर बुढ़ा उर्फ धन बहादुर बुढ़ा, रेशम राणा और यज्ञ बीके के नाम शामिल हैं। इसके अलावा तीन अन्य कैदी भी फरार हुए हैं, जिनमें चोरी के मामले में सजायाफ्ता कैदी और न्यायिक हिरासत में रखे गए दो विचाराधीन कैदी शामिल हैं।
खुली सीमा बनी सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी चुनौती
नेपाल और भारत के बीच खुली सीमा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि फरार कैदी गिरफ्तारी से बचने के लिए भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो बिहार सहित सीमावर्ती राज्यों की आंतरिक सुरक्षा के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है।
इसी आशंका को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को सतर्क रहने और आवश्यक जांच-पड़ताल करने को कहा गया है।
विराटनगर में बम विस्फोट से बढ़ी चिंता
इसी बीच बिहार के अररिया जिले से सटी जोगबनी सीमा के पास नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध बम विस्फोट की घटना ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और बढ़ा दिया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
रक्सौल बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर
पूर्वी चंपारण के रक्सौल में भी सीमा पर निगरानी बढ़ाई गई है। रक्सौल डीएसपी मनीष कुमार आनंद ने बताया कि बॉर्डर पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।










