अरेराज थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17.28 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने कुल 96 पीस ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार, पिता अशोक गिरी, ग्राम रामपुर खजूरिया, थाना डुमरियाघाट और आकाश कुमार, पिता सुरेंद्र गिरी, ग्राम सिरनी मलाही, थाना मलाही, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। पूछताछ और छानबीन के दौरान यह बात सामने आई है कि आरोपी नीतीश कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह रघुनाथपुर थाने से आर्म्स एक्ट के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की आगे की तहकीकात जारी है।










