डीएम सौरभ सुमन यादव ने अरेराज के मॉडल स्कूल का किया औचक निरीक्षण

19

अरेराज प्रखंड के मलाही स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) में मंगलवार की दोपहर एक अलग ही माहौल देखने को मिला, जब पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव दोपहर 1:15 बजे अचानक विद्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान प्रशासनिक औपचारिकताएं पीछे छूट गईं और जिलाधिकारी एक कुशल शिक्षक के रूप में बच्चों के बीच नजर आए।

विद्यालय परिसर पहुंचते ही जिलाधिकारी ने कक्षाओं का भ्रमण कर पठन-पाठन का जायजा लिया। उन्होंने ‘शिक्षा साथी ऐप’ के क्रियान्वयन और डिजिटल उपस्थिति की अद्यतन स्थिति के बारे में मौजूद शिक्षकों से बिंदुवार जानकारी ली। इसके तुरंत बाद वे नवमी कक्षा में पहुंचे और लगभग एक घंटे तक विद्यार्थियों को गणित पढ़ाया। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर गणित के कई गूढ़ और जटिल प्रश्नों को हल कराया और फिर बच्चों को सवाल हल करने की चुनौती दी। छात्र-छात्राओं ने भी बिना किसी झिझक के सभी कठिन प्रश्नों का सटीक और सटीक हल निकालकर दिखाया। गणित के अलावा जिलाधिकारी ने बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी विषय के मूल पाठ भी समझाए।

जिलाधिकारी के इस सहज और ज्ञानवर्धक अंदाज ने विद्यार्थियों को काफी प्रभावित किया। क्लास समाप्त होने पर बच्चों ने उत्सुकता से पूछा, “सर, आप अगली बार कब आएंगे? हम आपकी क्लास का इंतजार करेंगे।” बच्चों के इस आत्मीय आग्रह को स्वीकार करते हुए जिलाधिकारी ने मुस्कुराकर वादा किया कि क्षेत्र के अगले भ्रमण के दौरान वे पुनः उनसे मिलने और पढ़ाने जरूर आएंगे।

स्कूल के शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी शिक्षकों को एक अभिभावक की भांति बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का निर्देश दिया।