उज्जवल कुमार मिश्रा अरेराज अनुमंडल मोतिहारी
पूर्वी चम्पारण जिले की पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र से 54 किलोग्राम गांजा, एक कार, 3 मोबाइल और नकदी के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस अधिकारी, सिकरहना के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 अगस्त 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुण्डवाचैनपुर थानांतर्गत ग्राम बसंतपुर से एक कार में गांजा लादकर ढाका के रास्ते चकिया ले जाया जा रहा है। सूचना के मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बरवा खुर्द सैनिक रोड में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को कार और गांजे की खेप के साथ धर दबोचा।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान कमलेश कुमार (पिता- भिखारी दास, निवासी- गंगा सिरसिया, थाना- चकिया, जिला- पूर्वी चम्पारण) और संजय कुमार तिवारी (पिता- स्व० जगदीश तिवारी, निवासी व थाना- देवरिया, जिला- मुजफ्फरपुर) के रूप में हुई। तलाशी के क्रम में उनके पास से 54 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ, 3 मोबाइल फोन, एक कार और 10,800 रुपये भारतीय नकद राशि बरामद की गई।
तत्पश्चात पकड़े गए दोनों अभियुक्तों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त तीसरे तस्कर विनोद मुखिया (पिता- अशर्फी मुखिया, निवासी- बसंतपुर, थाना- कुण्डवाचैनपुर, जिला- पूर्वी चम्पारण) को भी गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी टीम में सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अभिषेक कुमार, घोड़ासहन के पर्यवेक्षी पदाधिकारी पु०नि० धनंजय कुमार निर्दोष, कुण्डवाचैनपुर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० रमेश कुमार, परि०पु०अ०नि० नवीन कुमार, स०अ०नि० विकाश कुमार सिंह तथा कुण्डवाचैनपुर थाने के सभी चौकीदार व सशस्त्र बल शामिल रहे। इस संबंध में पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










