अवैध विदेशी शराब और मोटरसाइकिल के साथ एक धंधेबाज गिरफ्तार, पहाड़पुर के नोनेया कचहरी टोला में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

15

पूर्वी चम्पारण जिले के अरेराज उत्पाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में मद्यनिषेध कानून को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पहाड़पुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी नोनेया कचहरी टोला में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अरेराज उत्पाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था, जिसमें ए.एस.आई (A.S.I) अजीत कुमार सिंह, उत्पाद सिपाही कनक लाल यादव एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर दबिश दी और मौके से कुल 08.640 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से शराब की खेप ले जा रही एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है, जिसका निबंधन संख्या BR22AY7446 है।

उत्पाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान पश्चिमी चम्पारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाभार (वार्ड नंबर 04) निवासी स्वर्गीय जानकी चौधरी के पुत्र राजेश चौधरी (उम्र करीब 42 वर्ष) के रूप में की गई है। इस मामले में उत्पाद विभाग ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा-30(a) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उत्पाद पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।