अरेराज उत्पाद पुलिस ने 4 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ एक धंधेबाज को दबोचा

51

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर कड़ाई से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार मुस्तैद है। इसी कड़ी में अरेराज उत्पाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के कुशल नेतृत्व में उत्पाद पुलिस की टीम ने हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक सफल छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी हरसिद्धि थाना क्षेत्र के भादा गांव के वार्ड नंबर 06 में की गई। उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने अभियुक्त के घर के पीछे छापेमारी की, जहां से कुल 04.000 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद कर जब्त की गई।

इस मामले में पुलिस ने मौके से करीब 50 वर्ष के एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान पूर्वी चम्पारण जिले के हरसिद्धि थाना अंतर्गत भादा (वार्ड नंबर 06) निवासी स्वर्गीय बंसी महतो के पुत्र उपेन्द्र महतो के रूप में हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा-30(a) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के निर्देश पर इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में मुख्य रूप से ए.एस.आई. अजीत कुमार सिंह, उत्पाद सिपाही आकाश राज, मंतोष कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय शराब माफियाओं और अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।