पहाड़पुर पुलिस ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर धाराओं में दर्ज मामले के दो नामजद प्राथमिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर थाना में कांड संख्या 383/26 दर्ज किया गया था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (B.N.S) की विभिन्न गंभीर धाराओं जैसे 126(2), 115(2), 118(1), 109, 76, 303(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत पंजीकृत है। मामला दर्ज होने के बाद से ही थानाध्यक्ष अजय कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पहाड़पुर थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (ASI) राजू कुमार गुप्ता ने पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर सिसवाँ नुनिअवा टोला में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद अभियुक्तों को उनके घर से ही सुबह करीब 11:25 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सिसवाँ नुनिअवा टोला निवासी स्वर्गीय दर्शन महतो के 36 वर्षीय पुत्र मोतीलाल महतो और 28 वर्षीय पुत्र राजकुमार महतो के रूप में की गई है।
मामले के संबंध में पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज थी और वे पुलिस की पकड़ से बचने का प्रयास कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई राजू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर दोनों को उनके पैतृक आवास से गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आवश्यक कागजी कार्रवाई और चिकित्सीय जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।










