विश्व साइकिल दिवस पर बीरगंज में निकली भव्य साइकिल रैली, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

32

रक्सौल/बीरगंज, 3 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर नेपाल के बीरगंज शहर में बुधवार को एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास एवं बीरगंज साइकिल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, खेल संस्थाओं तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

साइकिल रैली की शुरुआत बीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास परिसर से हुई। रैली में शामिल प्रतिभागी उत्साह और जोश के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरे। यह रैली नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र स्थित शंकराचार्य गेट होते हुए वीरगंज नगर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करती हुई पुनः निर्धारित स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में लोगों ने रैली का स्वागत किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान शहर में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। रैली में शामिल लोगों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने लोगों से दैनिक जीवन में साइकिल के अधिकाधिक उपयोग की अपील भी की।

वीरगंज साइकिल क्लब के प्रतिनिधि संजय अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइकिल के महत्व से अवगत कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि साइकिल न केवल एक सस्ता और सुविधाजनक परिवहन साधन है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। इसके नियमित उपयोग से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों से बचाव संभव होता है।

रैली में भारतीय महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, खेल संस्थाओं और शहर के विभिन्न क्लबों के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के कारण लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में साइकिल का नियमित उपयोग एक प्रभावी और सरल समाधान साबित हो सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए यदि लोग मोटर वाहनों के स्थान पर साइकिल का उपयोग करें तो ईंधन की बचत के साथ-साथ वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

आयोजकों ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस का उद्देश्य लोगों को सतत परिवहन व्यवस्था अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करना है। इसी सोच के तहत यह जनजागरूकता रैली आयोजित की गई। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही, ताकि अधिक से अधिक लोग साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।