रैली, प्रदर्शनी और संकल्प कार्यक्रम के माध्यम से दिया गया नशा मुक्त समाज का संदेश

37

मोतिहारी, 30 मई। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर मोतिहारी नगर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता यात्रा का आयोजन किया गया। नगर के रघुनाथपुर एवं बनिया पट्टी स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संयमित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

बनिया पट्टी सेवा केंद्र से प्रारंभ हुई इस जागरूकता यात्रा में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी संस्थान के भाई-बहन शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हाथों में शिव ध्वज एवं नशा मुक्ति से जुड़े प्रेरणादायक स्लोगन लिए हुए थे। यात्रा के दौरान लोगों के बीच जागरूकता संबंधी पर्चों का वितरण भी किया गया। रैली बनिया पट्टी से निकलकर धनकी धाजा, पंच मंदिर, ज्ञानबाबू चौक, जानपुल होते हुए रेलवे स्टेशन परिसर पहुंची।

रेलवे स्टेशन परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जहां लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में सेवा केंद्र प्रभारी बीके करुणा, बीके अशोक वर्मा, बीके हरिशंकर त्रिपाठी, बीके रीना, बीके ऊषा, बीके हरिशंकर चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। वर्तमान समय में बढ़ती सामाजिक चुनौतियों और तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच संयमित एवं सकारात्मक जीवनशैली ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने लोगों से नशे को पूरी तरह त्यागने तथा आध्यात्मिक जीवन अपनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि परमात्मा से संबंध जोड़कर व्यक्ति अपने जीवन में आत्मबल, शांति और सकारात्मकता प्राप्त कर सकता है, जिससे नशे जैसी बुराइयों से सहजता से मुक्ति मिल सकती है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके करुणा बहन ने उपस्थित भाई-बहनों, दर्शकों एवं श्रोताओं को किसी भी प्रकार का नशा न करने का संकल्प दिलाया। साथ ही सभी ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे, ताकि समाज में शांति, सुख और समृद्धि का वातावरण स्थापित हो सके।

इस दौरान ब्रह्माकुमारी संस्थान की गतिविधियों और सेवाओं की भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि संस्था विश्व के 145 देशों में मानव मूल्यों की पुनर्स्थापना, आध्यात्मिक जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली के प्रसार का कार्य कर रही है। लोगों से अपील की गई कि वे अपने निकटतम सेवा केंद्र पर जाकर संस्था की सेवाओं का लाभ लें और जीवन को अधिक सुखी एवं समृद्ध बनाएं।

कार्यक्रम में रेलवे विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी ने मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक अमरेंद्र चौरसिया को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया।

यात्रा में मुख्य रूप से राम नंदन भाई, शोभा माता, बीके वीणा त्रिपाठी, बबीता बहन, बीके रंजन, बीके मदन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नशा मुक्ति के संदेश से ओतप्रोत यह अभियान लोगों के बीच जागरूकता फैलाने में प्रभावी साबित हुआ।