मुस्कुराहट ही जीवन यात्रा में निरोग रहने की सबसे सरल औषधि है

113

रक्सौल पूर्वी चंपारण – चेहरे पर छाने वाली एक मुस्कुराहट थोड़ी देर के लिए सभी तरह के तनावों से स्वयं को दूर कर देती है।मुस्कुराता हुआ चेहरा सबको अपनी ओर आकर्षित करता है। उक्त विचार लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी एवं भारत विकास परिषद् , रक्सौल के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी सह सामाजिक कार्यकर्ता बिमल सर्राफ ने प्रेस से साझा किया।मुस्कान न केवल दूसरों को अपनी ओर आकर्षित करती है,बल्कि खुद को भी एक खूबसूरत एहसास से भर देती है,जो तन-मन को अचानक ही स्फूर्ति और ऊर्जा प्रदान करती है।जो व्यक्ति मुस्कुराकर हर समस्या का समाधान खोजने में विश्वास रखते हैं,उन्हें जीवन में सफलता पाने से कोई भी नहीं रोक सकता। अनजान जगहों पर भी एक हल्की-सी-मुस्कान दोस्ती के तार जोड़ देती है। मुस्कुराहट व्यक्तित्व की शान होती है और यह निरोग रहने के लिए सबसे सरल व सुगम औषधि है। मनोवैज्ञानिकों का भी मानना है कि सच्ची प्रेममय मुस्कान का अभ्यास जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। मनोवैज्ञानिक व सच्ची मुस्कान व्यक्ति के मस्तिष्क तक यह संकेत पहुंचाती है कि वह सुरक्षित है।मुस्कुराने से व्यक्ति के आचरण पर अत्यंत सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और इसमें विशेषतः यह प्रभाव दिल से निकली मुस्कुराहट से ही पड़ता है।जब इंसान जान बुझकर कोई झूठ बोलता है,तो वह सामान्य से कम मुस्कुराता है।झूठी मुस्कान सच्ची मुस्कान से अधिक नकली होती है और वह उसी अनुपात में दूसरों को प्रभावित करने की क्षमता भी कम रखती है।मुस्कुराता चेहरा सभी के लिए सदा आकर्षण का केंद्र रहता है।कहा भी जाता है कि डॉक्टर का हंसता हुआ चेहरा सामने बैठे मरीज की आधी बीमारी ठीक कर देता है। कोई भी चीज देने से,बांटने से कम नहीं होती तो फिर अपनी मुस्कुराहट किसी खास मौके के लिए ही क्यों बचा कर रखी जाए ? मुस्कुराकर किसी को खुश ही नहीं किया जाता अपितु किसी की पीड़ा भी कुछ देर के लिए कम किया जा सकता। मुस्कुराहट जीवन में एक जादू की तरह अपना असर दिखाती है और यह जादू कोई भी कर सकता और सबके चेहरे पर खुशी की झलक ला सकता है जबकि ये निःशुल्क,सुगम एवं सरल औषधि है जो स्वयं के अंदर विद्यमान है।

बिमल सर्राफ कि रिपोर्ट