अरेराज पुलिस ने भीड़ में चोरी करने वाली तीन महिलाओं को रंगे हाथों दबोचा, चोरी के जेवर और नकदी बरामद

127

अरेराज:-अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में अरेराज पुलिस को उस वक्त एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाली तीन शातिर महिलाओं को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर पूरी सटीकता के साथ अंजाम दी गई।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि आज दिनांक 11 मई 2026 को पुलिस को यह सूचना मिली थी कि अरेराज के मार्कंडे चौक पर बढ़ती भीड़ का लाभ उठाकर कुछ संदिग्ध महिलाएं राहगीरों को अपना निशाना बना रही हैं और उनके पर्स व गले से सोने-चांदी के गहनों की झपटमारी कर रही हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए गश्ती दल को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने जब चिह्नित स्थान पर छापेमारी की, तो वहां से तीन महिलाओं को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिनके पास से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद हुई।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के मारवन निवासी प्रीति देवी (पति शनि मांझी), मीनू देवी (पति तस्वीर मांझी) और राधना देवी (पति कार्तिक मांझी) के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से सोने जैसा दिखने वाला एक नथिया, एक नथ, कान के जेवर, एक ओप्पो मोबाइल और 8310 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस सफल छापेमारी दल में पु०अ०नि० भरत सहनी के साथ अरेराज थाना और मंदिर सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है, जिससे धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आम जनमानस में विश्वास बढ़ा है।