शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर: राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय भेलानारी में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी संपन्न

37

अरेराज प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय भेलानारी के प्रधानाध्यापक कक्ष में “हमारा बच्चा हमारी जिम्मेदारी” थीम पर आधारित एक महत्वपूर्ण शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी पूर्वी चंपारण, राजन कुमार गिरी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाध्यापक मदन मोहन नाथ तिवारी ने सभी अभिभावकों का स्वागत किया और इस बात पर जोर दिया कि बच्चों का सर्वांगीण विकास स्कूल और घर दोनों के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है।

प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि वे बच्चों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि विद्यालय में भोजन से पहले हाथ धोने की आदत नियमित रूप से डलवाई जाती है और यही अभ्यास घर पर भी होना चाहिए, जहाँ बच्चे शौच के बाद और भोजन से पहले साबुन या हैंडवॉश से हाथ साफ करें। पोषण के विषय पर चर्चा करते हुए उन्होंने बच्चों के आहार में दाल, चावल, हरी सब्जियां, दूध, सलाद और फल शामिल करने की सलाह दी, जबकि चाऊमीन, बर्गर और गोलगप्पे जैसे बाहरी जंक फूड से परहेज करने को कहा। उन्होंने अभिभावकों को प्रेरित किया कि बच्चों को बिना अल्पाहार कराए स्कूल न भेजें और उन्हें साफ-सुथरे ड्रेस तथा आवश्यक पुस्तकों के साथ नियमित रूप से विद्यालय पहुँचाएँ।

गोष्ठी के दौरान अभिभावकों ने भी सक्रियता दिखाते हुए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। अभिभावक दीनानाथ सिंह ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का प्रस्ताव रखा और सुझाव दिया कि भोजन बनाने से पहले बर्तनों और किचन की सफाई की कड़ी निगरानी की जाए। अभिभावकों ने विद्यालय के वर्तमान स्वरूप की सराहना की और इसे आदर्श विद्यालय का दर्जा दिलाने की इच्छा जताई। इस अवसर पर पंकज शुक्ला, श्रीकांत मिश्रा, पुकार सिंह, जय नाथ सिंह, रविंद्र कुमार ठाकुर, मनु मिश्रा, हरंगीला सिंह, राजू सिंह, अंकित कुमार मिश्रा, हीरालाल शाह, शंभू शाह सहित बड़ी संख्या में महिला अभिभावक और शिक्षक हितेश कुमार उपाध्याय, रूपा कुमारी मिश्रा एवं पवन मिश्रा उपस्थित थे।