जिला पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस पर्सा द्वारा बीरगंज के आईसीपी रोड पर विशेष चेकिंग अभियान

97

रक्सौल / बीरगंज 

जिला ट्रैफिक प्रहरी कार्यालय पर्सा और जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा की संयुक्त पहल पर बीरगंज महानगरपालिका अंतर्गत आईसीपी रोड क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। सीमावर्ती क्षेत्र से होने वाली अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार शाम यह अभियान संचालित किया गया।

शाम 4 बजे से 5 बजे तक चले इस अभियान में ट्रैफिक प्रहरी कार्यालय पर्सा के प्रमुख युवराज कटवाल तथा जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा के प्रहरी निरीक्षक अमृत बहादुर बस्नेत के नेतृत्व में चेकिंग की गई। अभियान में तैनात टीम ने आईसीपी रोड से गुजरने वाले मालवाहक एवं अन्य वाहनों को रोककर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। प्रहरी प्रमुख कटवाल के अनुसार वाहनों की ब्लूबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, भंसार (कस्टम) संबंधी कागजात, वाहन दर्ता प्रमाणपत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों की जांच की गई। जांच किए गए वाहनों में 12 तेल टैंकर, 35 भारतीय हेवी ट्रक, 2 नेपाली ट्रक, 4 गैस बुलेट तथा 7 टाटा मो वाहन शामिल थे।पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान किसी भी वाहन में संदिग्ध वस्तु या कागजात संबंधी गंभीर समस्या नहीं पाई गई।

प्रहरी निरीक्षक अमृत बहादुर बस्नेत ने बताया कि सीमावर्ती नाकों से होने वाले अवैध वाहन संचालन, मादक पदार्थ तस्करी, हथियारों की आवाजाही तथा गैरकानूनी सामान ढुलाई रोकने के लिए निगरानी और कड़ी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।बीरगंज आईसीपी क्षेत्र नेपाल–भारत व्यापारिक आवागमन का प्रमुख नाका होने के कारण यहां सुरक्षा जांच नियमित रूप से कड़ी की जाती रही है। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे अभियानों से चोरी और तस्करी नियंत्रण में मदद मिलने की उम्मीद जताई है।