चारों संसदीय सीट हारने के बाद नेपाली कांग्रेस पर्सा ने ‘जड़ अभियान’ शुरू किया

70

रक्सौल पूर्वीचंपारण -05 मार्च 2026 को हुए चुनाव की समीक्षा करते हुए नेपाली कांग्रेस पर्सा ने आज से ‘जड़ अभियान’ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया है। हालिया चुनाव में पर्सा की चारों संसदीय सीटें हारने के बाद पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया है।
नेपाली कांग्रेस पर्सा के सचिव तथा बीरगंज महानगरपालिका के उप-प्रमुख इम्तियाज आलम ने जानकारी दी कि आने वाले स्थानीय तह चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस अभियान को पूरे जिले में चलाया जाएगा। उनके अनुसार यह अभियान हर गांवपालिका, नगरपालिका, महानगरपालिका और वार्ड स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “पिछले चुनाव में हुई कमियों की समीक्षा करते हुए अब जड़ स्तर से संगठन को मजबूत करना जरूरी है। जहां हमसे गलती हुई, जहां हम कमजोर पड़े, उसे आत्मसात करते हुए आगे बढ़ना होगा।” कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने भी पिछले चुनाव में मिली हार से सीख लेते हुए आगे सशक्त रूप से बढ़ने पर जोर दिया। नेताओं ने संगठन के अंदर देखी गई कमजोरियों, कार्यकर्ता परिचालन में आई कमी तथा जनस्तर पर प्रभावी पहुंच नहीं बना पाने जैसे पहलुओं को सुधारते हुए आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई।इस कार्यक्रम में नेपाली कांग्रेस पर्सा के जिला सभापति एवं पूर्व मंत्री जनार्दन सिंह क्षेत्री, पूर्व मंत्री रमेश रिजाल, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री अजय चौरसिया, जिला सचिव तथा बीरगंज महानगरपालिका के उप-प्रमुख इम्तियाज आलम सहित कई नेता और कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।पार्टी के नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में संगठन को और अधिक सक्रिय, जनमुखी और प्रभावशाली बनाते हुए स्थानीय चुनाव में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण साबित होगा।