मोतिहारी में बाबा साहेब की 135वीं जयंती ‘संकल्प दिवस’ के रूप में मनाई गई, समाजिक समरसता और संविधान के आदर्शों पर चलने का आह्वान

7

मोतिहारी। अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी संघ, जिला अम्बेडकर कल्याण समिति एवं अनु०जा०/ज०जा० संयुक्त संघर्ष मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय अम्बेडकर भवन परिसर में भारत रत्न, भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती ‘संकल्प दिवस’ के रूप में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिससे समारोह का वातावरण पूरी तरह प्रेरणादायक और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला बन गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी  निशांत सिहरा (IAS) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पमालाएँ अर्पित कर किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर का संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने किसी एक जाति, धर्म या समुदाय के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के सभी वर्गों के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला अपर एवं सत्र न्यायाधीश सत्यनारायण राम ने बाबा साहेब को आधुनिक भारत का सच्चा निर्माता बताते हुए कहा कि आज के समय में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज बाबा साहेब के संविधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को अपनाए, तो देश में समानता और भाईचारे की भावना और मजबूत होगी।

इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य शशिकला कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर महिलाओं के अधिकारों के सबसे बड़े समर्थक थे। उन्होंने महिलाओं को समानता का अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का योगदान महिलाओं के सशक्तिकरण के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

समारोह को राष्ट्रीय दलित मानवाधिकार अभियान के प्रदेश महासचिव विधानन्द राम, पारसनाथ अम्बेडकर, राजू बैठा (मुखिया), कर्मचारी संघ के ओमप्रकाश अम्बेडकर, कोषाध्यक्ष रामदयाल राम, जिला मीडिया प्रभारी शून्यदेव पासवान, कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष सुमन कनौजिया, विघासागर आर्य, लवकिशोर निशाद, अशोक हजरा, मुन्ना राम (प्रखंड अध्यक्ष), रूपम पासवान, सकलदेव राम, दीपक पासवान, राकेश कुमार, किरण राम, राजएकबाल बैठा, टोला सेवक अध्यक्ष सुरेन्द्र बैठा, वीरेन्द्र मांझी, विनोद कुमार एवं अधिवक्ता शिवशंकर ठाकुर सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को समाज में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत राज पदाधिकारी सह अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री रामजनम पासवान ने की, जबकि मंच संचालन संघ के जिला सचिव चतुरभूज बैठा ने प्रभावशाली ढंग से किया। अंत में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता, समानता और न्याय की भावना को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।