मोतिहारी/पूर्वी चंपारण:
पूर्वी चंपारण जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के चकबारा गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक के नाना ने गांव के ही कई लोगों पर हत्या कर शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार चकबारा गांव निवासी लालबाबू साह (62 वर्ष), पिता स्वर्गीय नगीना साह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 9 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच उनके नाती आशीष कुमार (18 वर्ष) की हत्या कर दी गई। उस समय आशीष घर में अकेला था। लालबाबू साह का आरोप है कि उनके पट्टीदार और कुछ अन्य ग्रामीणों ने मिलकर साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया।
आवेदन में लालबाबू साह ने अंकित कुमार, ओम कुमार, जय प्रकाश कुमार (तीनों पिता श्यामबाबू साह), योगेश्वर साह, उनकी पत्नी ललिता देवी, पुत्री जुही कुमारी, रूद्र कुमार (पिता सपन साह उर्फ लालू साह), हरेन्द्र साह (पिता शंकर साह, ग्राम घासी पाकड़) और रितेश कुमार (पिता नागेंद्र साह, ग्राम बरमनिया) सहित 5-6 अज्ञात लोगों को नामजद किया है।
परिजनों के अनुसार घटना की सूचना ग्रामीणों ने लालबाबू साह को दी, जिसके बाद वह घर पहुंचे। इस बीच गांव के लोगों ने आशीष कुमार को इलाज के लिए चकिया अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की जानकारी पीपरा थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेजा गया, जहां 10 मार्च को पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मृतक के नाना लालबाबू साह का कहना है कि उनकी जमीन और संपत्ति पर आरोपियों की नजर है। उन्होंने बताया कि उनके चार बेटियां हैं और कोई पुत्र नहीं है। इसी कारण उन्होंने अपने नाती आशीष कुमार को अपने पास रखा था ताकि वह घर और संपत्ति की देखभाल कर सके।
लालबाबू साह ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी 19 फरवरी 2026 को आरोपियों द्वारा उनके नाती के साथ मारपीट की गई थी, जिसका वीडियो भी उनके पास मौजूद है।
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाए










