मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 में रविवार को गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की एक खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। वार्ड संख्या 32 की पार्षद डॉली सिंह के पति एवं पार्षद प्रतिनिधि राकेश सिंह की ओर से छोटी मस्जिद परिसर में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें मुस्लिम समाज के लगभग 300 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और रोजा इफ्तार किया।
रमजान के पवित्र महीने में आयोजित इस इफ्तार पार्टी का माहौल पूरी तरह भाईचारे और आपसी सद्भाव से भरा हुआ था। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग इस आयोजन में शामिल हुए और एक साथ बैठकर रोजा खोला। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आयोजन की जमकर सराहना की।
इफ्तार कार्यक्रम में मौजूद कबीर, फिरोज, मोहम्मद यूसुफ, परवेज सहित कई गणमान्य लोगों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर साल की तरह इस साल भी वार्ड पार्षद के परिवार द्वारा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया है, जो समाज में आपसी भाईचारा और एकता को मजबूत करने का काम करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी विश्वास को बढ़ावा देते हैं।
वहीं आयोजनकर्ता राकेश सिंह ने वार्ड के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड नंबर 32 मोतिहारी में हमेशा से आपसी भाईचारे की परंपरा रही है। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और एक-दूसरे के त्योहारों को पूरे उत्साह और खुशी के साथ मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे वार्ड में दिवाली हो, ईद हो, होली हो या बकरीद — सभी त्योहारों को लोग मिलकर मनाते हैं। यहां कभी भी धर्म या जात-पात के आधार पर भेदभाव की भावना नहीं देखी जाती। यही कारण है कि यह वार्ड सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल बन चुका है।
राकेश सिंह ने आगे कहा कि अगर पूरे देश में इसी तरह का भाईचारा कायम हो जाए तो हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न ही नहीं होगा। समाज में शांति, प्रेम और एकता बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं।
इफ्तार पार्टी के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन तथा भाईचारे की दुआ मांगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह और खुशी देखी गई।
यह आयोजन एक बार फिर यह संदेश देने में सफल रहा कि जब समाज के लोग मिलकर एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं तो सामाजिक सौहार्द और मजबूत होता है।










