बापूधाम महोत्सव में तीन दिनों तक गूंजेगा संगीत और हास्य का रंग

208

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के लोगों के लिए सितंबर का पहला सप्ताह मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भरपूर होने वाला है। मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आगामी 01 सितंबर से 03 सितंबर 2026 तक बापूधाम महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश और बिहार के चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं हास्य कवि सम्मेलन के माध्यम से साहित्य और हास्य का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

बापूधाम महोत्सव के आयोजन को लेकर माननीय सांसद पूर्वी चंपारण राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में परिसदन मोतिहारी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय विधायक मोतिहारी प्रमोद कुमार, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री के हाथों होगा महोत्सव का शुभारंभ

बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ 01 सितंबर को पूर्वाह्न 10:30 बजे मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों से कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री को सादर आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।

शुभारंभ के बाद शाम को गांधी मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। 01 सितंबर को सुप्रसिद्ध लोक गायिका सह विधायक मैथिली ठाकुर अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। उनके साथ करीना पांडेय और सबिता पांडेय भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महोत्सव का पहला दिन खास बनाने की तैयारी है।

सलमान अली और अजीत आनंद की प्रस्तुति का रहेगा इंतजार

महोत्सव के दूसरे दिन यानी 02 सितंबर को प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक सलमान अली अपनी प्रस्तुति देंगे। उनकी आवाज का जादू सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के गांधी मैदान पहुंचने की उम्मीद है। इसी दिन स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।

वहीं 03 सितंबर को प्रसिद्ध कलाकार अजीत आनंद और उनकी टीम अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेगी। इसी दिन साहित्य और हास्य का रंग भी देखने को मिलेगा। डॉ. तीष्या श्री के नेतृत्व में भव्य हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें नीलोत्पल मृणाल, स्वयं श्रीवास्तव सहित देश के प्रसिद्ध कवि अपनी रचनाओं से लोगों को गुदगुदाएंगे।

गांधी मैदान में तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा

महोत्सव को लेकर गांधी मैदान में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मंच, कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मीडिया प्रतिनिधियों को गांधी मैदान में चल रही तैयारियों की जानकारी भी दी।

तीनों दिनों के सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 5 बजे से गांधी मैदान, मोतिहारी में आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन की ओर से महोत्सव को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की तैयारी की जा रही है। बापूधाम महोत्सव में संगीत, लोक कला, बॉलीवुड गायन और हास्य कविता का संगम मोतिहारीवासियों के लिए यादगार अनुभव बनने की उम्मीद है।