मोतिहारी में चोरी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, 7 अपराधी गिरफ्तार एमएस कॉलेज से शुरू हुई कार्रवाई में खुला राज, 66.07 ग्राम सोने जैसा पदार्थ, 60 हजार नकद, मास्टर चाबी और चोरी में इस्तेमाल वाहन बरामद

68

मोतिहारी। जिले में घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। 26 अगस्त 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर और जिले में चोरी की घटनाओं को लेकर सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि एमएस कॉलेज, मोतिहारी में कुछ अपराधी एकत्रित होकर किसी बड़े अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने एमएस कॉलेज के साथ-साथ छतौनी बस स्टैंड और सोनारपट्टी में भी छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय आसूचना का सहारा लेकर गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मोतिहारी शहर और जिले के अलग-अलग इलाकों में घरों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। चोरी के बाद सामान को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए गिरोह के सदस्य चारपहिया और दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करते थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजु कुमार, रूस्तम अली, बिट्टू मियाँ, परवेज आलम, राजा कुमार, जितेन्द्र कुमार और रोहित राज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 26 से 47 वर्ष के बीच बताई गई है और वे जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर तैयार किया गया सोने जैसा पीला पदार्थ करीब 66.07 ग्राम बरामद किया है। इसके अलावा दो चांदी जैसी दिखने वाली कटोरी, दो चांदी जैसी दिखने वाली मेहंदी छाला, 60 हजार रुपये नकद और आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

ताला तोड़ने के औजार और मास्टर चाबी बरामद

गिरोह की कार्यप्रणाली का खुलासा करते हुए पुलिस ने ताला तोड़ने वाले लोहे के तीन लंबे औजार, एक बड़ा पेचकस, एक प्लास तथा गुच्छे में लगी 15 मास्टर चाबियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक मास्क, चेहरे को ढकने वाला काले रंग का कपड़ा तथा रेकी के दौरान इस्तेमाल किया जाने वाला पुराना शर्ट और हाफ पैंट भी पुलिस के हाथ लगा है।

चारपहिया और दोपहिया वाहन भी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई में दो चारपहिया कार, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक इन वाहनों का इस्तेमाल अपराधियों द्वारा रेकी करने और चोरी के सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में किया जाता था।

इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरेराज, नगर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, सुगौली थानाध्यक्ष पु.अ.नि. अनिश कुमार, हरैया थानाध्यक्ष पु.अ.नि. किशन कुमार, तकनीकी शाखा, एसटीएफ मोतिहारी सहित पुलिस पदाधिकारी और थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और जिले में हुई चोरी की अन्य घटनाओं से उनके संभावित संबंधों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।