नियोक्ताओं और युवाओं के बीच की दूरी कम करने के लिए बीरगंज में ‘रोजगार मेला–2026’ का आयोजन

18

रक्सौल / बीरगंज  नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ (FNCCI), नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ मधेश प्रदेश तथा बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 5 जुलाई को बीरगंज में ‘रोजगार मेला–2026’ आयोजित किया जाएगा।

आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह मेला पारंपरिक रोजगार मेलों से अलग होगा। इसका आयोजन मधेश प्रदेश के स्किल नीड असेसमेंट (Skill Need Assessment) और श्रम बाजार विश्लेषण के आधार पर किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नियोक्ताओं और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के बीच कौशल संबंधी अंतर को कम करना है।

संघ के अध्यक्ष ने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है और यह रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के संयोजक एवं संघ के सहसचिव अनुप अग्रवाल ने बताया कि मेले के माध्यम से नियोक्ता, नौकरी तलाशने वाले, प्रशिक्षण प्रदाता संस्थान और रोजगार सेवा केंद्र को एक ही मंच पर लाकर रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जाएगा।

मेले में रिक्त पदों की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, उम्मीदवारों का चयन एवं मूल्यांकन, करियर परामर्श, रोजगार मिलान सेवा तथा आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण के लिए सिफारिश की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

यह रोजगार मेला अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) नेपाल के रोजगार सेवा केंद्र के सहयोग तथा वीरगंज महानगरपालिका, Leadership Development Institute और HR Society Nepal–मधेश चैप्टर के सहकार्य में आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि मेले में भाग लेने वाले नियोक्ता संस्थानों, उपलब्ध रोजगार अवसरों तथा पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी।