नेपाल संवाददाता:- अभिलाष गुप्ता कि रिपोर्ट
जितपुर–सिमरा नगर उद्योग वाणिज्य संघ केl नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेन्द्रकुमार गुप्ता सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। गुरुवार को संघ के कार्यालय में आयोजित एक समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ लेकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला।
कार्यक्रम संघ के निवर्तमान अध्यक्ष मोहन शर्मा लामिछाने की अध्यक्षता तथा नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष अशोक टेमानी के प्रमुख आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
शपथ ग्रहण करने वाले पदाधिकारियों में अध्यक्ष गजेन्द्रकुमार गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिवजीप्रसाद साह सोनार, वाणिज्य उपाध्यक्ष रामबाबु कलवार, महासचिव प्रकाश गिरी, कोषाध्यक्ष रीना रौनियार पुरी तथा वाणिज्य सचिव रीता कँडेल शामिल रहे। कार्यक्रम में वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माधव राजपाल तथा वरिष्ठ उद्योगपति एवं पूर्व अध्यक्ष गणेश लाठ की विशेष उपस्थिति रही।
इसी प्रकार वाणिज्य क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य अमरेन्द्रकुमार साह कलवार, विभा गुप्ता, मुकुन्द रिजाल, बलराम पौडेल, विजयकुमार गुप्ता, नवरत्नप्रसाद कलवार एवं मनोहरबाबु गुप्ता ने भी शपथ लेकर पदभार ग्रहण किया। इसकी जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकृत शरदचन्द्र भट्टराई ने दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमुख अतिथि अशोक टेमानी ने नवनिर्वाचित नेतृत्व को बधाई एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उद्योगपतियों और व्यवसायियों के हितों की रक्षा तथा उनके संवर्द्धन के लिए संघ को और अधिक सशक्त भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के उद्योगपतियों एवं व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान तथा व्यवसाय-अनुकूल वातावरण के निर्माण के लिए संघ को निरंतर पहल करनी चाहिए। टेमानी के अनुसार नेपाल का सबसे बड़ा विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) इसी क्षेत्र में स्थित है। उन्होंने सभी उद्योगपतियों और व्यवसायियों से उक्त आर्थिक क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित नेतृत्व व्यवसायियों के भरोसे को कायम रखते हुए प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकृत भट्टराई ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित समिति ने संघ से आबद्ध 957 सदस्यों के लिए एक वर्ष की अवधि का एक लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गुप्ता ने निजी क्षेत्र को आतंकित करने वाली गतिविधियों के संबंध में संबंधित सरकारी निकायों के साथ समन्वय कर व्यवसायियों की सुरक्षा एवं हित के लिए पहल करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने कहा, “पथलैया–वीरगंज औद्योगिक कॉरिडोर में स्थित उद्योगों एवं व्यवसायियों की प्रतिष्ठा और सम्मान को बढ़ाने के एजेंडे को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उद्योगपतियों एवं व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान तथा निजी क्षेत्र के संवर्द्धन के लिए संघ सदैव सक्रिय रहेगा।”
कार्यक्रम में उद्योगपति, व्यवसायी, संघ के पूर्व पदाधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही










