गोविन्दगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नेपाल से तस्करी कर लाया गया भारी मात्रा में अफीम व गांजा बरामद, चार महिला तस्कर गिरफ्तार

334

पूर्वी चम्पारण जिले की पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीमा पार नेपाल से तस्करी कर लाए गए नशीले पदार्थों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम, गांजा और डोडा जब्त किया है। यह पूरी कार्रवाई अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रवि कुमार के कुशल नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के सरेया पाण्डेय टोला में छापेमारी कर की गई। मौके से पुलिस ने इस अवैध कारोबार में संलिप्त चार महिला तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, डुमरियाघाट थाना पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के सरेया गाँव निवासी जितेन्द्र सहनी (पिता- स्व. चनर सहनी), अखिलेश यादव (पिता- रामाशंकर यादव) और मोहन प्रसाद (पिता- स्व. अवध प्रसाद) द्वारा करीब 13 लाख 50 हजार रुपये में 10.540 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ खरीदा गया है, जिसे वे परिवहन कर ले जा रहे थे। इस सूचना के तकनीकी व धरातलीय सत्यापन के दौरान यह गंभीर बात भी सामने आई कि इन तस्करों द्वारा नेपाल से भारी मात्रा में अफीम एवं अन्य नशीले पदार्थ लाकर गोविन्दगंज के सरेया पाण्डेय टोला स्थित अखिलेश यादव के घर में छुपाकर रखा गया है।

इस संवेदनशील मामले को देखते हुए तत्काल सनहा दर्ज किया गया और वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सूचित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (अरेराज) रवि कुमार और पुलिस उपाधीक्षक ऋषभ कुमार परिहार के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष संयुक्त छापेमारी टीम का गठन किया गया।

अरेराज SDPO के नेतृत्व में घेराबंदी कर हुई छापेमारी, नशीले पदार्थ व नकदी बरामद

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में गठित इस विशेष टीम ने गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के सरेया पाण्डेय टोला में स्थित अखिलेश यादव के घर पर अचानक योजनाबद्ध तरीके से चारों तरफ से घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस बल की इस मुस्तैद कार्रवाई के सामने आरोपियों को संभलने का मौका नहीं मिला। घर की गहन तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ और नकदी बरामद की, जिसका विवरण इस प्रकार है:

अफीम जैसा मादक पदार्थ:*1.890 किलोग्राम

गांजा जैसा मादक पदार्थ: 4 किलोग्राम

डोडा जैसा मादक पदार्थ:1.100 किलोग्राम

 नकद राशि: 14,300 रुपये

सिंडिकेट से जुड़ी चार महिलाएं गिरफ्तार

इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थों की इस बड़ी खेप को छुपाने, सुरक्षित रखने और तस्करी के इस काले कारोबार में सहयोग करने के आरोप में चार महिला तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई महिला आरोपियों में सुनीता देवी (उम्र 32 वर्ष, पति- अखिलेश यादव), रिंकी कुमारी (उम्र 25 वर्ष, पति- टुनटुन यादव), सुनीता देवी (उम्र 25 वर्ष, पति- मिथिलेश यादव) और नन्हकी देवी उर्फ किरण देवी (उम्र 30 वर्ष, पिता- रामाशंकर यादव) शामिल हैं। ये सभी आरोपी गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के सरेया पाण्डेय टोला की रहने वाली हैं। इस गिरोह के फरार पुरुष सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

*सफल ऑपरेशन में शामिल रही पुलिस टीम*

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (अरेराज) रवि कुमार के नेतृत्व में संचालित इस बड़े अभियान में पुलिस उपाधीक्षक ऋषभ कुमार परिहार, गोविन्दगंज के थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राजू कुमार मिश्रा, डुमरियाघाट के थाना अध्यक्ष (पु०अ०नि०) विवेक कुमार बालेन्दु, पहाड़पुर के थाना अध्यक्ष (पु०अ०नि०) अजय कुमार और संग्रामपुर के थाना अध्यक्ष (पु०अ०नि०) अनुप कुमार ने अग्रिम पंक्ति में रहकर मोर्चा संभाला।

इसके अतिरिक्त टीम में पु०अ०नि० वीरेन्द्र कुमार पासवान, पु०अ०नि० पूजा कुमारी, पु०अ०नि० शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित मोतिहारी डीआईयू (DIU) टीम के पु०अ०नि० करण सिंह, नीतीश कुमार, मनीष कुमार, एसटीएफ (STF) की टीम तथा गोविन्दगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे, जिनकी मुस्तैदी से इस बड़े अंतरप्रांतीय व अंतरराष्ट्रीय नशा नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सका।