अरेराज में एसडीपीओ के नेतृत्व में अपराध समीक्षा बैठक, दो महिला चोरों ग्रुप की गिरफ्तारी के साथ बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश

87

अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रवि कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थानों की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों की प्रगति और आगामी सुरक्षा रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से सर्किल इंस्पेक्टर प्रणव कुमार, अजय कुमार सिंह, गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजू मिश्रा, अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी और संग्रामपुर थानाध्यक्ष अनूप कुमार सक्रिय रूप से शामिल हुए। बैठक के दौरान एसडीपीओ रवि कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने, क्षेत्र में सघन गश्ती अभियान चलाने और फरार आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।

इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान एसडीपीओ ने अरेराज थाना पुलिस द्वारा किए गए एक बड़े उद्भेदन की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि अरेराज थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र में सक्रिय दो महिला चोरों के गिरोह को रंगे हाथ दबोच लिया गया एसडीपीओ रवि कुमार के कुशल नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस ने क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार महिला चोरों के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। एसडीपीओ ने अरेराज पुलिस टीम की इस मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।