अरेराज पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज नगर पंचायत से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है, जहां सशक्त स्थायी समिति के गठन की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। इस चुनाव में दिलचस्प बात यह रही कि समिति के पूर्व के तीनों सदस्यों ने एक बार फिर से अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए निर्विरोध जीत हासिल की है। चुनाव को लेकर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल था और सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
जानकारी के मुताबिक, सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचन को लेकर बुलाई गई बैठक में कुल 14 वार्ड पार्षदों में से 11 पार्षद उपस्थित हुए। कोरम पूरा होने के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें पूर्व सशक्त स्थायी समिति सदस्य अंशु कुमारी, निकु पांडेय और मनिका देवी ने सदस्य पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किया। नाम वापसी और संवीक्षा की अवधि बीत जाने तक विपक्ष की ओर से किसी भी अन्य प्रत्याशी द्वारा पर्चा दाखिल नहीं किया गया। इसके परिणामस्वरूप, मैदान में केवल तीन ही प्रत्याशी शेष रहे, जिन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
यह पूरी चुनावी प्रक्रिया सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आदित्य नारायण दीक्षित की देखरेख में बेहद पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गई। निर्वाचन की घोषणा होते ही समर्थकों ने नवनिर्वाचित सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस महत्वपूर्ण सफलता और समिति के निर्विरोध गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अरेराज नगर पंचायत के मुख्य पार्षद रनटू पांडेय, उप मुख्य पार्षद अहमद आजाद अली और झुना पांडेय ने नवनिर्वाचित सदस्यों को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव में सकारात्मक सहयोग देने और एकजुटता दिखाने के लिए सदन में मौजूद सभी वार्ड पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें विशेष रूप से बधाई दी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई है कि इस समिति के गठन से नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक मिलेगी।










