बकरीद को लेकर संग्रामपुर थाना में शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने सौहार्द बनाए रखने की अपील

29

संग्रामपुर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर संग्रामपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुराग आनंद ने कहा कि सभी त्योहार प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक पोस्ट को साझा नहीं करने की अपील की। बीडीओ ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

वहीं थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने बताया कि बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या हुड़दंग फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। मुखिया पिंकू सिंह, रवि सिंह, मुनानी शर्मा एवं अफरीदी आलम ने कहा कि संग्रामपुर क्षेत्र में हमेशा सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते आए हैं और इस बार भी बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में अमन-चैन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

संवाददाता उज्जवल मिश्रामिश्रा कि रिपोर्ट