चाय की दुकान की आड़ में गांजे का अवैध धंधा, 123 ग्राम गांजा और गोगो पेपर के साथ दुकानदार गिरफ्तार

423

अरेराज गुप्त सूचना के आधार पर अरेराज थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चाय की दुकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार को प्रतिबंधित सामग्री के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी को एक गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक चाय की दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की।

विशेष टीम द्वारा उक्त दुकान की सघन तलाशी लिए जाने के क्रम में मौके से 123 ग्राम अवैध गांजा और धूम्रपान के लिए प्रयुक्त होने वाला 31 पीस गोगो रोलिंग पेपर बरामद किया गया। नशीले पदार्थों की इस बरामदगी के बाद पुलिस ने दुकानदार को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरेराज थाना क्षेत्र के हरदीया ग्राम निवासी मुकेश गुप्ता के रूप में हुई है, जो फुलेना साह का पुत्र है।

अरेराज पुलिस द्वारा इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस इस अवैध धंधे के मुख्य स्रोतों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ व जांच में जुटी है।