अरेराज। पूर्वी चम्पारण जिले के अरेराज अनुमंडल अंतर्गत उत्पाद विभाग की टीम ने शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। अरेराज उत्पाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संग्रामपुर थाना क्षेत्र के संग्रामपुर बिनटोली घाट के समीप सघन छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने करीब 16.000 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद करते हुए उसे मौके पर ही जब्त कर लिया। साथ ही शराब के परिवहन में प्रयुक्त हो रही एक मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है, जिसका निबंधन संख्या BR05AB0350 है।
इस कार्रवाई के दौरान मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान संग्रामपुर बिनटोली निवासी नवल मुखिया के 20 वर्षीय पुत्र निरज कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तार युवक के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा-30(a) के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस छापेमारी अभियान में ए.एस.आई. उत्पल कुमार के साथ रामविनय कुमार, मंतोष कुमार और सशस्त्र बल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे। उत्पाद विभाग की इस निरंतर कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।










