सांसद सुशील साह कानु द्वारा वार्ड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन

16

वीरगंज, 26 वैशाख वीरगंज महानगरपालिका वार्ड नं. 10 के आयोजन में चौथे संस्करण का वार्ड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता शुक्रवार से विधिवत रूप से शुरू हुआ है। युवाओं में खेलकूद के प्रति रुचि बढ़ाने तथा अनुशासन, सद्भाव और सहयोग की भावना विकसित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में प्रतिनिधि सभा सांसद सुशील साह कानु की उपस्थिति रही। कार्यक्रम वार्ड नं. 10 के कार्यवाहक वार्ड अध्यक्ष संतोष जैसी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद साह ने कहा कि खेलकूद युवाओं को सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर ऐसे प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन आवश्यक बताते हुए कहा कि खेल समाज में अनुशासन और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उद्योगपति अशोक बैध, प्याब्सन नगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, घड़िअर्वा स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष संतोष कानु, वार्ड सचिव पवन प्रधान सहित विभिन्न क्षेत्र के व्यक्तित्वों की विशेष उपस्थिति रही।

उद्घाटन सत्र के अवसर पर वार्ड अंतर्गत 8 विद्यालयों की सहभागिता में मार्चपास प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में Little Angels Secondary School प्रथम, Mount Makalu English Boarding School द्वितीय तथा श्री रामचरण पन्नालाल माध्यमिक विद्यालय तृतीय स्थान प्राप्त करने में सफल रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आयोजकों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम का संचालन पत्रकार क्रान्ती साह ने किया।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों की सहभागिता रहेगी तथा आगामी कुछ दिनों तक प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का संचालन किया जाएगा। प्रतियोगिता से स्थानीय स्तर पर क्रिकेट खेल के विकास को और अधिक प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई है।

अभिलाष गुप्ता कि रिपोर्ट