मोतिहारी में पति-पत्नी पर जानलेवा हमला! बाइक सवार ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला गंभीर

197

पूर्बी चंपारण के मोतिहारी शहर में सोमवार रात एक दंपति पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल पति ने आरोप लगाया है कि पहले से चल रहे दुकान विवाद के कारण साजिश रचकर बाइक सवार ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने आरोपी बाइक चालक को पकड़ लिया।

घायल मनिष कुमार (उम्र लगभग 43 वर्ष), निवासी मेन रोड लोहारपट्टी, नगर थाना क्षेत्र, ने लिखित आवेदन देकर बताया कि 9 फरवरी की रात करीब 8:45 बजे वे अपनी पत्नी निशा देवी के साथ आवश्यक काम से नगर थाना पेट्रोल पंप के पास गए थे। वापसी के दौरान एक यामाहा R15 मोटरसाइकिल उनके पीछे लग गई। मनिष कुमार के अनुसार बाइक सवार पेट्रोल पंप से ही उनका पीछा कर रहा था।

दंपति जब अटल पथ होते हुए ज्ञानबाबू चौक स्थित एक दुकान के पास पहुंचे, तभी आरोपी ने कथित तौर पर जान मारने की नीयत से उनकी ई-स्कूटी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। गिरने से निशा देवी के सिर और कमर में गंभीर चोट लगी और उनके सिर से काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल दोनों को संभाला और घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार महिला को सिर में गहरी चोट लगी है और निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बाइक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

मनिष कुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि यह हमला पूर्व से चल रहे दुकान विवाद से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके रिश्तेदारों के बीच मुकदमा चल रहा है, जिसमें वे और उनकी पत्नी जमानत संबंधी कार्यों के लिए अक्सर मोतिहारी कोर्ट आते-जाते रहते हैं। इसी रंजिश में कुछ लोगों ने मिलकर साजिश रची और हत्या की नीयत से यह हमला कराया।

आवेदन में कई नामजद लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर भी उल्लेखित किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पकड़े गए बाइक चालक से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने रात के समय गश्ती बढ़ाने और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है। वहीं पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की अपील की है।