मधुबन से अपराधियों को सख्त चेतावनी: ‘या अपराध छोड़ो, या देश छोड़ो’ – उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

78

पूर्बी चंपारण जिले के मधुबन में बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध और नक्सलवाद के खिलाफ सरकार के सख्त रुख को दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया। वह यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद स्वर्गीय सीताराम सिंह की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी अवसर पर उन्होंने मधुबन में सामुदायिक विवाह भवन का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने मंच से अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सुशासन बाबू नीतीश कुमार की सरकार में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, “बिहार में अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जो अपराधी हैं, वे या तो अपराध छोड़ दें या देश छोड़कर चले जाएं। अगर यहीं रहेंगे तो उनकी खैर नहीं है। सुशासन की सरकार में अपराधियों को जमीन के अंदर से भी खोजकर बाहर निकाला जाएगा।” उनके इस बयान पर समारोह में मौजूद सैकड़ों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से समर्थन जताया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, भाजपा नेता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

सम्राट चौधरी ने नक्सलियों को भी सख्त अल्टीमेटम देते हुए कहा कि 31 मार्च तक सभी नक्सली आत्मसमर्पण कर दें या हिंसा का रास्ता छोड़ दें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अगर तय समय तक नक्सली मुख्यधारा में नहीं लौटे, तो उन्हें चुन-चुनकर जेल भेजा जाएगा।” गृह मंत्री का यह बयान नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है। पूर्वी चंपारण सहित राज्य के कई जिलों में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार अब आक्रामक रणनीति अपनाने के संकेत दे रही है।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सीताराम सिंह के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि वह एक सच्चे समाजसेवी और जननेता थे। उन्होंने गरीबों, किसानों और ग्रामीण विकास के लिए हमेशा काम किया। सम्राट चौधरी ने कहा, “सीताराम सिंह जी जैसे नेताओं की सोच और संघर्ष से प्रेरणा लेकर ही हम बिहार को अपराधमुक्त और विकसित राज्य बनाएंगे।” श्रद्धांजलि समारोह के दौरान सिंह के परिवारजन और समर्थक भावुक नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान मधुबन में सामुदायिक विवाह भवन का शिलान्यास भी किया गया। इस मौके पर सम्राट चौधरी ने कहा कि यह भवन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा, “सुशासन सरकार गरीबों की बेटियों की शादी में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। हर प्रखंड में ऐसे सामुदायिक विवाह भवन बनाए जाएंगे, ताकि लोगों पर आर्थिक बोझ कम हो।” स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे जनकल्याणकारी कदम बताया।

गृह मंत्री के रूप में अपने नए दायित्व पर बात करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “पहले मैं वित्त मंत्री था, अब गृह मंत्री हूं। अब मेरा मुख्य काम अपराधियों का सफाया करना है।” उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे जनता दरबार लगाकर आम लोगों की शिकायतें सुनें और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करें।

मधुबन दौरे के जरिए सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कर दिया कि बिहार सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराध, नक्सलवाद और भयमुक्त समाज के खिलाफ सरकार का एक्शन मोड अब जमीन पर दिखने लगा है।