मोतिहारी में अपराधियों पर बड़ी चोट: एसपी स्वर्ण प्रभात ने जारी की 100 वांछितों की सूची, मेयर पति देव गुप्ता पर ₹1 लाख का इनाम

312

पूर्वी चंपारण पुलिस ने जिले में अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई करते हुए शनिवार 20 दिसंबर को एक बड़ी आपराधिक सूची जारी की है। मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात द्वारा जारी इस सूची ने जिले के राजनीतिक और आपराधिक गलियारों में खलबली मचा दी है। इस सूची में कुल 100 वांछित अपराधियों के नाम शामिल हैं, जिन पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी जैसे गंभीर आरोपहैं। हैं।

इस सूची का सबसे चौंकाने वाला नाम मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति गुप्ता के पति देव गुप्ता का है। देव गुप्ता पर हत्या के एक संगीन मामले में पुलिस ने ₹1 लाख के इनाम की घोषणा की है। किसी जनप्रतिनिधि के परिजन का इस तरह की सूची में शामिल होना जिले में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश भी देता है कि अब कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी इस सूची में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के कई नाम भी शामिल हैं। मनोज कुमार गिरी, पिता अशर्फी गिरी, पर आर्म्स एक्ट के मामले में ₹10,000 का इनाम घोषित किया गया है। वहीं रोशन कुमार, पिता दिन पासवान, पर लूटकांड के गंभीर आरोप में ₹5,000 की इनाम राशि तय की गई है। सुभाष सहनी,, पिता राजेश्वर  सहनी, को शराब तस्करी के मामले में ₹5,000 का इनामी अपराधी घोषित किया गया है, जबकि दिलीप कुमार साहनी, पिता अंबिका साहनी, पर शराब कांड में ₹7,000 का इनाम रखा गया है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि सूची में शामिल सभी अपराधियों को 10 दिनों के भीतर पुलिस या न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करना होगा। यदि तय समय सीमा के अंदर अपराधी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय के आदेश पर उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब फरारी की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने आम नागरिकों से भी खुली अपील की है कि यदि इन वांछित अपराधियों के संबंध में किसी प्रकार की कोई सूचना मिलती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने के लिए पुलिस अधीक्षक का मोबाइल नंबर 90318 27100 जारी किया गया है। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सही सूचना देने पर घोषित इनाम की राशि भी प्रदान की जाएगी।

जिले में अपराधियों के खिलाफ इस आक्रामक कदम को लेकर आम जनता में भी संतोष देखा जा रहा है। लंबे समय से हत्या, लूट और शराब तस्करी जैसे मामलों से परेशान लोग अब पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ निर्णायक लड़ाई मान रहे हैं। साफ है कि मोतिहारी पुलिस अब आर-पार के मूड में है और आने वाले दिनों में अपराधियों पर शिकंजा और कसने वाला है।