मोतिहारी में तेजस्वी यादव की गरज — बोले, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी

158

मोतिहारी जिले में आगामी 11 नवंबर को मतदान होना है। इसी कड़ी में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी तेजस्वी यादव मंगलवार को मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

तेजस्वी यादव ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अबकी बार बिहार में सत्ता परिवर्तन जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में बिहार में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई ने जनता को त्रस्त कर रखा है। ऐसे में अगर राज्य को विकास की राह पर ले जाना है, तो बदलाव लाना होगा और महागठबंधन की सरकार बनानी होगी।

अपने भाषण में तेजस्वी यादव ने युवाओं से विशेष रूप से संवाद करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर युवाओं को सम्मानजनक रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार और उद्योग का माहौल बनाया जाएगा, जिससे युवाओं को अपने घर पर ही काम मिल सके।

महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बात करते हुए तेजस्वी यादव ने “मां-बहन योजना” की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो खरमास यानी 14 जनवरी तक राज्य की हर महिला के खाते में 30 हजार रुपये तक की सहायता राशि भेजी जाएगी, ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल होगी।

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में महागठबंधन प्रत्याशी देव गुप्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि देव गुप्ता एक ईमानदार और जनसेवी नेता हैं, जिन्होंने हमेशा मोतिहारी की जनता के हक की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने जनता से अपील की कि मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से देव गुप्ता को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा में भेजें, ताकि विकास की रफ्तार को गति मिल सके।

सभा के अंत में तेजस्वी यादव ने देव गुप्ता को विजय माला पहनाई और जनता से हाथ जोड़कर महागठबंधन के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार ठान चुकी है — “अबकी बार बदलाव की सरकार, अबकी बार तेजस्वी सरकार।”

जनसभा में महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे, जिन्होंने “तेजस्वी यादव ज़िंदाबाद” और “देव गुप्ता को जिताओ, बिहार बचाओ” के नारे लगाकर माहौल को चुनावी जोश में रंग दिया।