श्री सोमेश्वरनाथ धाम में दूसरी सोमवारी की भव्य तैयारी: श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए किए गए चाक-चौबंद इंतजाम

11

अरेराज ‘बिहार के काशी’ के नाम से विख्यात श्री सोमेश्वरनाथ धाम में जारी पवित्र श्रावणी मेले के तहत पहली सोमवारी को लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा सोमेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया था।और दूसरी आयोजित होने वाली सोमवारी को लेकर जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर एवं श्री सोमेश्वरनाथ धाम अरेराज मठ के पीठाधीश्वर स्वामी रविशंकर गिरि जी महाराज के मार्गदर्शन में मंदिर प्रबंधन तथा अनुमंडल पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा, सुविधा और विधि-व्यवस्था के व्यापक एवं चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रवि कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि दूर-दराज से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पहली सोमवारी की अपार भीड़ को ध्यान में रखते हुए दूसरी सोमवारी के अवसर पर मंदिर परिसर के अंदर व बाहर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन हेतु बैरिकेडिंग के जरिए एकतरफा आवागमन (वन-वे सिस्टम) लागू किया गया है। मंदिर के गर्भगृह, अर्घा स्थल, मुख्य प्रवेश-निकास द्वारों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही उचक्कों, मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों पर सीधी नजर रखने के लिए पूरे मेला परिसर और मंदिर क्षेत्र में सादे कपड़ों में भी पुलिस जवानों व खुफिया कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मंदिर परिसर में त्वरित कार्य बल (क्यूआरटी) और मेडिकल टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है, जिससे पुलिस अधिकारी नियंत्रण कक्ष से स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं। एसडीपीओ रवि कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित सभी पार्किंग स्थल पूरी तरह नि:शुल्क रखे गए हैं। यदि कहीं भी पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली या श्रद्धालुओं को परेशान करने का प्रयास किया गया, तो दोषियों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।