सीमावासियों के साथ सशस्त्र प्रहरी कार्यक्रम अंतर्गत निःशुल्क नेत्र शिविर सम्पन्न, 34 लोगों में मोतियाबिंद की पहचान

29

रक्सौल / बीरगंज  सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नं. 13 गण हेडक्वार्टर पर्सा के आयोजन में “सीमावासियों के साथ सशस्त्र प्रहरी” कार्यक्रम अंतर्गत पर्सा के सिरसिया क्षेत्र में निःशुल्क नेत्र शिविर सम्पन्न किया गया। सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले विपन्न एवं सीमांतकृत समुदाय को लक्षित कर आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आँखों की जांच एवं परामर्श सेवा प्रदान की गई।

कार्यक्रम तिलगंगा आँखा अस्पताल, काठमांडौ तथा सामुदायिक आँखा केन्द्र, बीरगंज के संयुक्त प्राविधिक सहयोग में सम्पन्न हुआ, जबकि सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल बीओपी सिरसिया ने कार्यक्रम का सहजीकरण किया। शिविर में एक दिवसीय मोतियाबिंद शल्यक्रिया सम्बन्धी परीक्षण एवं पहचान कार्यक्रम भी संचालित किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नं. 13 गण हेडक्वार्टर पर्सा के गणपति मोहन बहादुर श्रेष्ठ उपस्थित रहे। इसके अलावा सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल बीओपी श्रीर्सिया के प्रहरी निरीक्षक समराज खड्का, मेडिकल संयोजक महेश सिंह धामी, छपकैया क्षेत्र के वरिष्ठ प्रहरी नेत्र राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की विशेष उपस्थिति रही।

शिविर में कुल 211 लोगों की आँखों की जांच की गई, जिनमें 34 लोगों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई। आयोजकों के अनुसार मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का तिलगंगा आँखा अस्पताल, काठमांडौ द्वारा निःशुल्क शल्यक्रिया किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य सेवाग्राहियों को आवश्यकता अनुसार आई ड्रॉप एवं दवाइयाँ भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों को आधारभूत स्वास्थ्य सेवा सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे सामाजिक एवं स्वास्थ्य सम्बन्धी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने भी निःशुल्क विशेषज्ञ सेवा मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण एवं सीमांतकृत समुदाय के लिए अत्यंत लाभदायक साबित हो रहे हैं।