ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में मेडिकल दुकानदारों की हड़ताल, अरेराज में दिखा व्यापक असर

18

अरेराज:- ऑनलाइन दवा बिक्री (ई-फार्मेसी) के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को आयोजित 24 घंटे की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर अरेराज अनुमंडल क्षेत्र में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। हड़ताल के समर्थन में अरेराज सहित आसपास के क्षेत्रों के थोक एवं खुदरा दवा व्यवसायियों ने अपनी-अपनी मेडिकल दुकानों को बंद रखकर विरोध दर्ज कराया।

दवा विक्रेताओं ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी व्यवस्था के कारण छोटे एवं मध्यम स्तर के मेडिकल व्यवसायियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त निगरानी और सख्त नियमों के ऑनलाइन दवा कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पारंपरिक मेडिकल दुकानों का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।

व्यवसायियों का कहना था कि दवा जैसी संवेदनशील वस्तु की बिक्री में चिकित्सकीय सलाह, मरीज की स्थिति और दवा की प्रामाणिकता बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में ऑनलाइन माध्यम से अनियंत्रित दवा बिक्री भविष्य में गंभीर समस्याएं उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ई-फार्मेसी पर स्पष्ट और सख्त नियम लागू किए जाएं तथा छोटे दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

हड़ताल के कारण अरेराज बाजार एवं आसपास के अधिकांश मेडिकल स्टोर दिनभर बंद रहे। इससे सामान्य दवाएं खरीदने पहुंचे लोगों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, गंभीर मरीजों और आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए कई स्थानों पर आवश्यक दवाओं की सीमित बिक्री जारी रखी गई, ताकि लोगों को अत्यधिक कठिनाई न हो।

दवा व्यवसायियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार द्वारा जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।