रक्सौल रेलवे स्टेशन से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दो बूंद

44

रक्सौल। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार, 22नवम्बर 2026 से 26नवम्बर 2026 तक चलने वाले विशेष अभियान का विधिवत शुभारंभ रक्सौल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर किया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रक्सौल के प्रभारी डॉ. राजीव रंजन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में श्री राजू कुमार प्रखंड विकास पदाधिकारी, रक्सौल ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई तथा अभिभावकों से अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की गई।

अभियान के दौरान भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल एवं लायंस क्लब के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। परिषद के सदस्यों ने प्लेटफॉर्म पर उपस्थित यात्रियों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का आग्रह किया, उन्हें अभियान के प्रति जागरूक किया तथा पोलियो की दवा को लेकर व्याप्त भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। साथ ही अभिभावकों को बताया कि पोलियो की दो बूंद पूरी तरह सुरक्षित है और प्रत्येक बच्चे को हर बार यह खुराक अवश्य पिलानी चाहिए।

कार्यक्रम में स्टेशन पर डॉ. अमित जायसवाल, भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी एवं लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322ई जोन 41 के जोन चेयरपर्सन सह डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन बिमल कुमार सर्राफ,भारत विकास परिषद के सक्रिय एवं समर्पित सदस्य अजय कुमार, लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के पूर्व अध्यक्ष गणेश धानोठिया, आरपीएफ के अधिकारी सहित स्वास्थ्य केंद्र के अनेक चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 22 नवम्बर से 26 नवम्बर तक चलने वाले अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि “हर बच्चा सुरक्षित, पोलियो मुक्त भारत” का संकल्प साकार हो सके। प्रभारी डॉ. राजीव रंजन ने भारत विकास परिषद की सक्रिय भूमिका की मुक्त कंठ से प्रशंसा की तथा अभियान को सफलीभूत कराने में सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।