नागरिक अभिनंदन समारोह को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने किया आमंत्रित, मंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया निमंत्रण

24

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड अंतर्गत पंचायत परसौनी कपूर में आयोजित होने वाले नागरिक अभिनंदन समारोह को लेकर राज्य के माननीय पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समारोह में आने की सहमति प्रदान की, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सामाजिक एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री आवास पहुंचा, जहां उन्होंने माननीय मंत्री का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परसौनी कपूर पंचायत में आयोजित होने वाले नागरिक अभिनंदन समारोह की रूपरेखा से मंत्री को अवगत कराया और कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।

मंत्री केदार गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल के आग्रह को स्वीकार करते हुए कहा कि पूर्वी चंपारण की धरती ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। यहां के लोगों का स्नेह और सम्मान उनके लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर संवाद करना और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर आदित्य कुमार और जगरनाथ साह उर्फ मामा जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नागरिक अभिनंदन समारोह को लेकर पंचायत के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं तथा समारोह को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि मंत्री के आगमन से क्षेत्र के पर्यटन, सड़क, शिक्षा और विकास से जुड़ी कई योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय लोगों को अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे मंत्री के समक्ष रखने का अवसर भी मिलेगा।

ग्रामीणों ने मंत्री के आगमन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पंचायत के लिए गौरव का विषय होगा। लोगों ने विश्वास जताया कि मंत्री के दौरे से क्षेत्र के विकास को नई पहचान मिलेगी और आम जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ तेजी से प्राप्त होगा।