मोतिहारी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे थाना के आसपास भी वारदात करने से नहीं डर रहे। ताजा मामला रघुनाथपुर थाना क्षेत्र का है, जहां थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित (SBI) के एटीएम को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। 
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि जब थाना के नजदीक ही इस तरह की वारदात हो सकती है, तो आम इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर स्थित इस एटीएम में अपराधियों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए सेंधमारी की। हालांकि अभी तक चोरी गई राशि का सटीक आंकलन नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक अंदाजा इसे बड़ी चोरी की घटना बता रहा है। एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित थाने की गश्ती टीम को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जिसकी कमान सीडीपीओ को सौंपी गई है।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। उन्होंने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि SIT टीम कितनी जल्दी इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर पाती है।










