पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के टिकैता गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब निगरानी विभाग की टीम ने सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ कृष्णा राम के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई।
निगरानी पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। टीम ने तुरकौलिया थाना क्षेत्र के पिपरा कोठी प्रखंड अंतर्गत टिकैता गोविंदापुर पंचायत के टिकैता गांव स्थित बीडीओ कृष्णा राम के पैतृक घर पर पहुंचकर जांच शुरू की। इसके साथ ही मोतिहारी शहर के राजाबाजार स्थित उनके किराए के मकान में भी छापेमारी की गई।
निगरानी डीएसपी शिव कुमार साह ने बताया कि बीडीओ कृष्णा राम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि उनके पास घोषित आय की तुलना में लगभग 59.8 प्रतिशत अधिक संपत्ति है। इसी आधार पर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी के दौरान मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के एक कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे सामान और दस्तावेजों की जांच की गई। टीम द्वारा जमीन, मकान, बैंक खातों और अन्य चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बीडीओ कृष्णा राम की पत्नी एक शिक्षिका हैं। निगरानी की टीम उनके नाम से जुड़ी संपत्तियों और निवेश की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। फिलहाल निगरानी विभाग की जांच जारी है और आगे संपत्ति का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।










