मोतिहारी के लिए गर्व का क्षण तब बना जब 25 बिहार बटालियन एनसीसी के दो कैडेट्स गणतंत्र दिवस 2026 की ऐतिहासिक परेड में भाग लेकर लौटे और बटालियन परिसर में उनका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समादेशी पदाधिकारी कर्नल सुरेन कुमार पाण्डेय ने दोनों कैडेट्स को सर्टिफिकेट, बैज और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान पूरे बटालियन में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
इस वर्ष देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में मोतिहारी की 25 बिहार बटालियन से दो कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। सीनियर अंडर ऑफिसर आलोक कुमार ने प्रधानमंत्री रैली में बिहार एवं झारखंड निदेशालय का नेतृत्व किया, जबकि सीनियर अंडर ऑफिसर एकता कुमारी ने कर्तव्य पथ पर कदमताल कर अनुशासन और साहस का परिचय दिया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल सुरेन कुमार पाण्डेय ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होना किसी भी कैडेट के लिए सर्वोच्च उपलब्धि होती है। ऐसे कैडेट्स अडिग साहस, निडरता, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की जीवंत मिसाल होते हैं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ पर उनकी गौरवशाली मार्च राष्ट्र की एकता, अखंडता और अनुशासन के मूल मंत्र को मजबूत करती है। यह परेड देश के सुनहरे भविष्य और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में ऊर्जा और जोश का संचार करती है।
कर्नल पाण्डेय ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इन दोनों कैडेट्स ने पूरे चंपारण का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के कैडेट्स के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे अन्य युवा भी सेना और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित होंगे।
बताया गया कि इस तरह का अवसर बटालियन को कई दशकों बाद मिला है, जिससे पूरे संगठन में खुशी की लहर है। समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कैडेट्स ने जोरदार तालियों के साथ दोनों प्रतिभागियों का स्वागत किया। यह सम्मान न केवल दो कैडेट्स की उपलब्धि है, बल्कि पूरे मोतिहारी और चंपारण के लिए गौरव का क्षण बन गया है।










