यह मुल्क आंबेडकर के संविधान से चलेगा, बुलडोजर से नहीं”

63

22 नवंबर को मोतिहारी जिला स्कूल मैदान में होगा ऐतिहासिक पैगाम-ए-आजाद कॉन्फ्रेंस, देश-विदेश की नामचीन हस्तियां करेंगी शिरकत

मोतिहारी। आगामी 22 नवंबर को मोतिहारी जिला स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक पैगाम-ए-आजाद कॉन्फ्रेंस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी शैक्षणिक, सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक क्षेत्र की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की बात कही गई है। कार्यक्रम को लेकर रविवार को स्थानीय उर्दू लाइब्रेरी में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए एमएलसी डॉ. खालिद अनवर ने कहा कि देश संविधान और कानून से चलेगा, बुलडोजर से नहीं। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती असमानता, अन्याय और चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने अल्पसंख्यकों, दलितों और गरीबों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।

डॉ. अनवर ने कहा कि पैगाम-ए-आजाद कॉन्फ्रेंस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, समानता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से मुसलमानों के लिए नई व्यवस्था और कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने देश की आजादी और उसके निर्माण में उलमा-ए-कराम तथा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद, मौलाना फज्ले हक खैराबादी, मौलाना महमूदुल हसन देवबंदी, मौलाना हुसैन अहमद मदनी, मौलाना हसरत मोहानी, मौलाना हिफजुर्रहमान सिवहारवी और उलमा-ए-सादिकपुर की कुर्बानियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के योगदान और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आज की जरूरत है।

चंपारण की धरती से दिया जाएगा एकजुटता का संदेश

डॉ. खालिद अनवर ने चंपारण की ऐतिहासिक धरती का उल्लेख करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ इसी धरती से सत्याग्रह का आगाज किया था। उन्होंने कहा कि 22 नवंबर को आयोजित सम्मेलन के माध्यम से भी देश और राज्य में असमानता, अन्याय और जुल्म के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।

कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल

सम्मेलन की अध्यक्षता ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना खालिद सैफुल्लाह रहमानी करेंगे। सम्मेलन में बोर्ड के सचिव एवं अल-हिदाया फाउंडेशन जयपुर के संस्थापक मौलाना मोहम्मद फजलुर्रहमान मोजद्ददी, अंजुमन इस्लाम मुंबई के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. जहीर काजी, ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इमारत-ए-शरिया के पूर्व अमीर मौलाना अनीसुर्रहमान कासमी, मौलाना आजाद सेंटर कोलकाता के अध्यक्ष मौलाना अबू तालिब रहमानी, जमीयत-ए-उलेमा-ए-हिंद बिहार के महासचिव मौलाना अब्बास कासमी, प्रो. डॉ. अफजल मिस्बाही, डॉ. फैज कादरी, मौलाना डॉ. शीश तैमी और शिक्षाविद् खान जीएस रिसर्च सेंटर के संचालक खान सर सहित कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की जानकारी दी गई।

व्यापक तैयारियों में जुटी स्वागत समिति

प्रेसवार्ता में स्वागत समिति के अध्यक्ष डॉ. तबरेज अजीज ने जिले एवं आसपास के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों से सम्मेलन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

प्रेसवार्ता के दौरान मुफ्ती हबीबुल्लाह कासमी, मौलाना जावेद कासमी, मौलाना मकसूद आलम, मौलाना अमानुल्लाह मजाहिरी, डॉ. अब्दुल खबीर, डॉ. मोबीन हाशमी, मोहम्मद असदुल्लाह, मुफ्ती जियाउल हक कासमी, मौलाना अनीसुर्रहमान चिश्ती, डॉ. नूर हसन आजाद, कैप्टन अब्दुल हमीद, डॉ. परवेज अजीज, शकील अंसारी, डॉ. अकील अहमद, अब्दुल रहमान, डॉ. खुर्शीद अजीज, नजीउल्लाह खां, पूर्व मुखिया हैदर अली, हसन शाहिद, अकरम राही, इंतजारुल हक और डॉ. मोहम्मद तमन्ना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

22 नवंबर को मोतिहारी जिला स्कूल मैदान में होने वाला यह सम्मेलन सामाजिक, शैक्षणिक और सामुदायिक मुद्दों पर विचार-विमर्श के साथ आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश देने वाला प्रमुख आयोजन बनने की उम्मीद है।