8 साल की शादी के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या के बाद फांसी लगाने का आरोप

75

मृतका के परिजनों ने देवर, ससुर समेत छह लोगों पर लगाया गंभीर आरोप, पुलिस जांच के बाद सामने आएगा मौत का सच

पकडीदयाल/पूर्वी चंपारण। पूर्वी चंपारण जिले के पकडीदयाल थाना क्षेत्र से विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रिंकू देवी, का मैके, ग्राम राजपुर नवादा, पोस्ट चैता, वार्ड नंबर-8, थाना पकरीदयाल के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में मातम का माहौल है। परिजनों ने ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार रिंकू देवी की शादी करीब आठ वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार पप्पू बैठा, निवासी ग्राम बंजरिया, थाना मधुबन, वार्ड नंबर-8, पोस्ट कृष्णानगर, के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद रिंकू देवी अपने ससुराल में रह रही थीं। करीब आठ वर्ष बाद उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि रिंकू देवी की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई, बल्कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर पहले उनका गला दबाकर हत्या की और उसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी से लटका दिया। इस मामले में परिजनों की ओर से मृतका के देवर अंकित बैठा, भोला बैठा, ससुर हरेंद्र बैठा, सास शारदा देवी तथा लड़के के चाचा प्रताप बैठा और शिवली बैठा पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

परिजनों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रिंकू देवी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। उनका आरोप है कि घटना के पीछे ससुराल पक्ष के लोगों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि  नहीं हुई है। रिपब्लिक 7 भारत भी आरोपो की स्पष्ट पुष्टि नहीं करता है 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए जाने वाले साक्ष्य महत्वपूर्ण होंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं, मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रिंकू देवी की मौत वास्तव में हत्या थी, आत्महत्या थी या घटना के पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी।