मलाही (पूर्वी चंपारण)। मलाही थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर नशे के सेवन में संलिप्त चार संदिग्ध युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से गांजा सेवन में इस्तेमाल होने वाला पाइप सहित अन्य सामग्री बरामद की है।
यह कार्रवाई मलाही थानाध्यक्ष सौरभ कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें चार संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान गांजा सेवन में प्रयुक्त पाइप समेत आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में धारा 128 के तहत प्रतिवेदन तैयार कर मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार एवं सेवन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










