बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर जिले की सुख-शांति और सुरक्षा की कामना
अरेराज। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जिले में अपने दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर अरेराज स्थित ऐतिहासिक श्री सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। एसपी ने विधि-विधान के साथ जलाभिषेक कर पूर्वी चंपारण की सुख-शांति, समृद्धि और जिलेवासियों की सुरक्षा की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर श्री सोमेश्वरनाथ धाम के पीठाधीश्वर महंत स्वामी रविशंकर गिरि महाराज ने एसपी स्वर्ण प्रभात का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के उपरांत महंत ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद दिया।
एसपी स्वर्ण प्रभात के दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की गई। थानों में फरियादियों की सुनवाई, लंबित मामलों के निष्पादन और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि पूर्वी चंपारण जैसे ऐतिहासिक जिले में जनता की सेवा और सुरक्षा का दायित्व मिलना उनके लिए गौरव की बात है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि जिले में कानून का शासन प्रभावी रहे और आम लोगों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिले। जनता के सहयोग के बिना पुलिसिंग को प्रभावी बनाना संभव नहीं है, इसलिए पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना प्राथमिकता है।
एसपी के दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर पुलिस अधिकारियों, कर्मियों सहित जिले के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सोमेश्वरनाथ धाम में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों की भी मौजूदगी रही।










