मोतिहारी। भारत विकास परिषद, उत्तर बिहार प्रांत की शाखा सुंदरम, मोतिहारी के तत्वावधान में प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता-2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूह गान की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। आयोजन में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता का अनुपम संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। शाखा सुंदरम के अध्यक्ष पुण्यदेव प्रसाद यादव ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को दिशा प्रदान की।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. धर्मेंद्र मिश्रा ने प्रथम एवं द्वितीय सत्र का कुशल मंच संचालन किया, जबकि तृतीय सत्र का संचालन संतोष कुमार रोशन ने किया। भारत विकास परिषद, उत्तर बिहार प्रांत की प्रांतीय अध्यक्ष मनीषा प्रसाद आर्या ने उपस्थित अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका सम्मान किया। उन्होंने परिषद की गतिविधियों और राष्ट्रहित में किए जा रहे सेवा, संस्कार, सहयोग एवं संगठनात्मक कार्यों पर प्रकाश डाला।
प्रो. पुतुल सिन्हा ने अपने संबोधन में भारत विकास परिषद के उद्देश्यों और मूल भावना से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना तथा युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करना परिषद का प्रमुख उद्देश्य है।
शाखा अध्यक्ष पुण्यदेव प्रसाद यादव ने कहा कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता महज एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामूहिकता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। सामूहिक गायन बच्चों को भारत की विविधता में एकता का अनुभव कराता है।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को नियमावली और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। निर्णायक मंडल ने निर्धारित मापदंडों के आधार पर सभी टीमों की प्रस्तुतियों का गंभीरता एवं निष्पक्षता से मूल्यांकन किया। निर्णायक मंडल में एस. कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार पांडे, संजय पांडे, संगीत प्राध्यापिका कुमारी संगीता एवं सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार सिंह शामिल रहे।
प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु विद्या निकेतन, चांदमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्ञान सागर पब्लिक स्कूल, अगरवा, मोतिहारी की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कार एवं प्रतिभागियों तथा सहयोगियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में शाखा सचिव नीरू तिवारी सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अतिथियों के समन्वय और आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में योगदान दिया तथा अंत में सभी अतिथियों, निर्णायकों, विद्यालयों, प्रतिभागियों, अभिभावकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन में भारत विकास परिषद शाखा शिवम की प्रांतीय महिला सहभागिता श्रीमती धीरा गुप्ता, पर्यावरण प्रांत से संजय दत्त, केशव किशोर, डॉ. सच्चिदानंद पटेल, शाखा सुंदरम की पर्यावरण संयोजक मधुलिका राय, चंदा वर्मा, पंडित गम पांडे, महाविद्यालय से डॉ. दिवाकर पाठक तथा ललिता फार्मेसी से श्री शेखर श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवा पीढ़ी को राष्ट्र, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने की दिशा में सार्थक पहल बताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।










