भाजपा महिला मोर्चा का अनूठा अभियान: “कम तेल की थाली-भारत की खुशहाली” से स्वस्थ जीवन का संदेश

11

मोतिहारी। शहर के अमर रिसोर्ट में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा “कम तेल की थाली-भारत की खुशहाली” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। महिला मोर्चा की पहल ने स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि “कम तेल की थाली-भारत की खुशहाली” केवल एक स्वास्थ्य अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि संतुलित खानपान और स्वस्थ दिनचर्या से ही देश स्वस्थ और सशक्त बन सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं अन्य लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने भोजन में तेल का संतुलित उपयोग करेंगे, जंक फूड एवं अत्यधिक तले हुए खाद्य पदार्थों से दूरी बनाएंगे तथा नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कम तेल एवं बिना तेल वाले व्यंजनों की प्रदर्शनी रही। महिलाओं ने अपने घरों में तैयार किए गए पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों का प्रदर्शन कर स्वस्थ भोजन के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, संगीता चित्रांश, नीता शर्मा, मीना मिश्रा, प्रमोद शंकर सिंह, डॉ. हेना चंद्रा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।