बीरगंज (नेपाल): विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज द्वारा नेपाल-भारत मैत्री संघ (NIFA), परसा, नेपाल इनोवेटिव सोसाइटी, बीरगंज, नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी, बीरगंज तथा नेपाल यंग एंटरप्रेन्योर्स फोरम, बीरगंज के सहयोग से महावाणिज्य दूतावास परिसर में एक सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने नेपाल और भारत के बीच मैत्री, सहयोग और मानव सेवा की भावना को एक बार फिर मजबूती से प्रदर्शित किया।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से लोगों ने न केवल ज़रूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए अपना योगदान दिया, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी परिचय दिया।
इस अवसर पर भारतीय महावाणिज्य दूत श्री देवी सहाय मीना ने स्वयं रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे जागरूक और संवेदनशील लोगों की भागीदारी ही सामाजिक सरोकारों को मजबूत बनाती है और दूसरों को भी प्रेरणा देती है।
श्री मीना ने अपने संबोधन में कहा, “रक्तदान न केवल किसी ज़रूरतमंद को नई ज़िंदगी देता है, बल्कि समाज के प्रति समर्पित सभी रक्तदाताओं का यह निःस्वार्थ योगदान मानव सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है। मानवता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं।”
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नेपाल-भारत मैत्री संघ, नेपाल इनोवेटिव सोसाइटी, नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी और नेपाल यंग एंटरप्रेन्योर्स फोरम के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के अध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी, भारत विकास परिषद् रक्सौल के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता बिमल सर्राफ ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए भविष्य में भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज के साथ मिलकर विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य, रक्तदान, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संयुक्त प्रयासों से आम लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा और भारत-नेपाल के बीच सामाजिक रिश्ते और अधिक मजबूत होंगे।
कार्यक्रम के समापन पर भारतीय महावाणिज्य दूतावास, बीरगंज ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। दूतावास ने यह भी दोहराया कि भविष्य में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर मानवता, जनसेवा और समाज कल्याण के क्षेत्र में ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।










