CSR पहल के तहत SBI ने रेड क्रॉस सोसाइटी को भेंट की एम्बुलेंस, डीएम की मौजूदगी में दिखाई गई हरी झंडी

65

मोतिहारी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी चंपारण को एक नई एम्बुलेंस भेंट की गई। यह एम्बुलेंस एसबीआई के बिहार-झारखंड महाप्रबंधक श्री अभिमन्यु जोशी द्वारा प्रदान की गई, जिससे जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

एम्बुलेंस की चाबी रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष सह अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) श्री शैलेंद्र कुमार भारती ने औपचारिक रूप से ग्रहण की। इस अवसर पर जिलाधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनकी मौजूदगी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी तथा एसबीआई के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को रेड क्रॉस सोसाइटी के लिए रवाना किया। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यह एम्बुलेंस जिले के जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। खासकर दुर्घटना, आपातकालीन स्थिति और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए यह सुविधा काफी लाभदायक साबित होगी।

एसबीआई के महाप्रबंधक अभिमन्यु जोशी ने कहा कि बैंक अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग करता रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह एम्बुलेंस रेड क्रॉस सोसाइटी को उपलब्ध कराई गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।

रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने इस पहल के लिए एसबीआई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस एम्बुलेंस के मिलने से संस्था की सेवा क्षमता और बढ़ेगी तथा जिले के गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर एसबीआई के कई अधिकारी, रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य तथा प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए एक सकारात्मक और सराहनीय कदम बताया।