मोतिहारी पहुंचे तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, राजस्व शाखा व अपर समाहर्ता कार्यालय का किया निरीक्षण

5

मोतिहारी। तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह (आईएएस) के मोतिहारी आगमन को लेकर समाहरणालय परिसर में विशेष तैयारी की गई। परिसर की साफ-सफाई कराई गई और सभी पदाधिकारी समय पर कार्यालय में उपस्थित रहे। आयुक्त ने पूर्वी चंपारण के राजस्व शाखा एवं अपर समाहर्ता कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि सरकार की बड़ी योजनाओं से संबंधित भूमि की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार के स्तर से प्राप्त भूमि संबंधी मांगों का प्रस्ताव जल्द से जल्द भेजा जाए।

आयुक्त ने जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे प्रशासन की उपयोगिता साबित होती है और आम जनता का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने लंबित वादों का समय पर निष्पादन करने और लोअर कोर्ट से जुड़े रिकॉर्ड को अनावश्यक रूप से जिला स्तर पर न रखने का निर्देश दिया। साथ ही अभिलेखों के बेहतर रखरखाव और संधारण पर भी बल दिया।

निरीक्षण के दौरान दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की समीक्षा में बताया गया कि 1 अप्रैल 2025 से 6 मार्च 2026 तक कुल 56,357 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 49,642 मामलों का निष्पादन किया गया है। यह लगभग 88.07 प्रतिशत है, जबकि 6,379 मामले लंबित हैं। आयुक्त ने इन लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2609 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध 31 जनवरी 2026 तक 1410 करोड़ रुपये की वसूली हुई है, जो लगभग 54 प्रतिशत है। आयुक्त ने राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, डीसीएलआर, नगर आयुक्त, सदर एसडीओ, अरेराज एसडीओ सहित राजस्व शाखा के सभी पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।